SPO Chamba demand salary Jammu : जम्मू एसपीओ की तर्ज पर हिमाचल के एसपीओ ने वेतन मांगा। एसपीओ वेल्फेयर एसोसिएशन का कहना है कि मजदूर से भी कम दिहाड़ी दी जा रही।
चंबा, ( विनोद ): एक बार फिर से एसपीओ कल्याण संघ जिला चंबा ने सरकार से जम्मूू की तर्ज पर एसपीओ का वेतन देने की मांग की। संघ के अध्यक्ष नरैण सिंह जरयाल की अगुवाई में बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिला चंबा के किहार, खैरी और तीसा सेक्टर के एसपीओ जवान शामिल हुए।

नरैण सिंह जरयाल ने बैठक बारे जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बैठक में इस वर्ग से संबंधित विभिन्न समस्याओं और मांग पर चर्चा की। चर्चा के उपरांत समस्याओं के निवारण व मांग पूरा करवाने के संदर्भ में आगामी रणनीति बनाई गई। जिलाध्यक्ष नरैण सिंह जरयाल ने बताया कि अंतर्राज्यीय सीमा जम्मू से सटी हिमाचल के जिला चंबा की सीमा पर चौकसी में तैनात इस वर्ग को बेहद कम वेतन दिया जा रहा है।
हिमाचल पुलिस बटालियन के साथ एसपीओ जवान कंधे से कंधा मिला कर अपने दायित्व का निर्वहन दिन-रात कर रहे है लेकिन अफसोस की बात है कि इस वर्ग के जवानों को चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी से भी कम वेतन दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बेहद अफसोस की बात है कि मजदूर की दिहाड़ी भी इन जवानों से अधिक है। उन्होंने कहा कि इस बात से साफ हो जाता है कि सरकार इस वर्ग के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है।

संघ कहना है कि नाम बड़े और दर्शन छोटे की कहावत इस वर्ग पर बखूबी चरितार्थ हो रही है। कहने को तो स्पेशल पुलिस ऑफिसर(spo) इस वर्ग का नाम है लेकिन वेतन के नाम पर महज 8,900 रुपए मासिक दिए जा रहे। जो महंगाई के दौर में ऊंट के मुंह में जीरा के समान है।

ये भी पढ़ें : क्या mla हंसराज की यह धमकी काम कर गई ?
उन्हें अपने परिवार के पालन-पोषण करने में परेशानियां पेश आ रही हैं। बताया कि जम्मू में जवानों को 22,000 रुपये वेतन दिया जा रहा है। कई मर्तबा इस बारे प्रदेश सरकार से मांग की जा चुकी है लेकिन कोई सकारात्मक परिणाम सामने नहीं आया है।

Chamba Ki Awaj 

















