डल्हौजी विधानसभा क्षेत्र में लोकशाही का राजशाही से मुकाबला, भाजपा नेता का दावा डल्हौजी में भी रिवाज बदलने जा रहा
-
Chamba Ki Awaj
-
Update Time :
11:27:09 pm, Tuesday, 1 November 2022
- 181
ग्राम पंचायत डियूर, लनोट व भडेला में भाजपा प्रत्याशी ने चुनाव प्रचार किया
चंबा, (विनोद): डल्हौजी विधानसभा क्षेत्र में लोकशाही का राजशाही के साथ मुकाबला है और इस बार यहां की जनता राजशाही का रिवाज बदलने जा रही है। डल्हौजी के भाजपा प्रत्याशी डी.एस.ठाकुर ने मंगलवार को डल्हौजी के दायरे में आने वाली ग्राम पंचायत डियूर, लनोट व भडेला के अपने चुनावी प्रचार अभियान को अंजाम देते हुए यह बात कही।
उन्होंने कहा कि बेहद हैरान करने वाली बात है कि जो लोग पिछले साढ़े चार वर्षों में लोगों का विश्वास हासिल करने के बाद उनके पास उनका हालचाल पूछने नहीं गए आज वह अपने मतलब के लिए गिरगिट बनकर लोगों के गले मिल रहे हैं।
ठाकुर ने कहा कि यूं तो देश आजाद होने के साथ ही देश में राजतंत्र खत्म हो गया था लेकिन डल्हौजी विधानसभा क्षेत्र में आज तक यह दौर अप्रत्यक्ष रूप से जारी है लेकिन अबकी बाहर हिमाचल की जनता के साथ-साथ डल्हौजी की जनता ने भी गलत रिवाजों को बदलने का फैसला ले लिया है।

उन्होंने कहा कि अब उनके विधानसभा क्षेत्र में लोगों का राज होगा न कि राजतंत्र का। जो लोग चुनाव जीतने के बाद अपने महलों के बड़े-बड़े प्रवेश द्वार के बाहर जनता को लंबा इंतजार करवाते हैं ऐसे लोग अब गरीबों के घरों की ओर रुख किए हुए है। उन्होंने कहा कि डल्हौजी विधानसभा के मतदाता इस प्रकार की राजनैतिक चलों को पहले ही भांप चुके है।

इस बात का प्रमाण जहां बीते पंचायत चुनावों व नगर परिषद डल्हौजी के चुनावों में देखने को मिले। कांग्रेस के बड़े-बड़े दिग्गजों को जनता ने अपने वोट की ताकत का प्रयोग कर हार का मुंह देखने के लिए मजबूर कर दिया तो अब उनके आका की बारी है।
इस विधानसभा चुनाव में डल्हौजी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा जीत का रिकॉर्ड बनाने जा रही है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व प्रदेश मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की जनहित नीतियों व लोकप्रियता से कांग्रेस बुरी तरह से घबराई हुई है।