विश्व पर्यटन दिवस 2023 पर चंबा की खूबसूरती से इस तरह वाकिफ होगी दुनिया
-
Chamba Ki Awaj
-
Update Time :
08:47:19 pm, Monday, 25 September 2023
- 305
विश्व पर्यटन दिवस 2023 चंबा की खूबसूरती से दुनिया को रूबरू करवाएगा। इस दिन चंबा अचंभा फोटोग्राफी प्रतियोगिता के तहत हिमाचल पर्यटन विभाग को प्राप्त 350 फोटो का सार्वजनिक किया जाएगा। जिला चंबा की खूबसूरती को दुनिया देखे इस लक्ष्य से पहली बार इस तरह की प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
चंबा, ( विनोद ): विश्व पर्यटन दिवस 2023 को शेष विश्व चंबा की खूबसूरती से रूबरू होगा। यह इसलिए संभव होने जा रहा है क्योंकि जिला प्रशासन से मिलकर हिमाचल पर्यटन विभाग ने जिला चंबा में चंबा अचंभा नाम से फोटोग्राफी कंटेस्ट का आयोजन किया। इस प्रतियोगिता में भाग लेने को 52 लोगों ने आवेदन किया। पर्यटन विभाग को 350 फोटो प्राप्त हुई।
अब इन फोटोग्राफी प्रतियोगिता के माध्यम से प्राप्त फोटो को विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर सार्वजनिक किया जाएगा। जिला पर्यटन अधिकारी राजीव मिश्रा के अनुसार प्राप्त फोटो को देखकर लोगों का यह विश्वास हो जाएगा कि वास्तव में चंबा एक अचंभा है। उन्होंने कहा कि एक से बढ़कर एक फोटो सुंदर है। इन फोटो में चंबा की प्राकृतिक खूबसूरती के साथ-साथ यहां की लोक संस्कृति के मनमोहक फोटो प्राप्त हुए है। इसके अलावा लैंडस्केप भी प्राप्त हुए है।
उन्होंने कहा कि 27 सितंबर को विश्व पर्यटन दिवस पर मिनी स्विट्जरलैंड के नाम से प्रख्यात खजियार में एक कार्यक्रम का पर्यटन विभाग आयोजन करेगा जिसमें उपायुक्त चंबा इन तस्वीरों को सार्वजनिक करेंगे तो साथ ही इस प्रतियोगिता के प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को नगद राशि पुरस्कार स्वरूप दी जाएगी तो साथ दो लोगों को प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता के माध्यम से प्राप्त बेहतरीन फोटोग्राफ को चलो चंबा के सभी सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर अपलोड किया जाएगा ताकि दुनिया जिला की खूबसूरती को निहार कर यहां का रुख करे। उन्होंने कहा कि जिला चंबा में पहली बार इस तरह की प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जो कि अपने उद्देश्य पर पूरी तरह से खरा उतरती नजर आ रही है।