प्रतीभा का चंबा दौरा क्या गुल खिलाएगा कल को पता चल जाएगा
पांगी दौरे पर प्रतीभा सिंह देख चुकी है गुटबाजी की झलक
चंबा, ( विनोद ): प्रतीभा का चंबा दौरा क्या गुल खिलाएगा सोमवार को पता चल जाएगा। यह बात प्रत्येक कांग्रेसी की जुबान से सुनने को मिल रही है इसकी वजह यह है कि इन दिनों जिला चंबा में कांग्रेस भीतर से गुटबाजी की शिकार है।
ऐसे में हिमाचल कांग्रेस सुप्रीमो बनने के बाद प्रतिभा सिंह पहली बार जिला चंबा के 2 दिवसीय दौरे पर आ रही है। उनके इस दौरे को himachal विधानसभा चुनाव में सत्ता वापसी के दृष्टिगत बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

वर्तमान में जिला चंबा में कांग्रेस भीतर से दो गुटों में बंट गई है। एक गुट जहां खुद को वीरभद्र से जोड़े हुए है तो दूसरा गुट खुद को सुखविंद्र सिंह सुक्खू का मुरिद बताता है। इसमें कोई दो राय नहीं है कि सोमवार को जहां भाजपा प्रतिभा सिंह के इस दौरे पर अपनी नजरे गढ़ाए रखेगी तो साथ ही आम आदमी पार्टी भी इसे नजदीक से जानने का प्रयास करेगी।
जिला चंबा की राजनीति की बात करे तो इस समय जिला के पांच विधानसभा क्षेत्रों में से तीन पर कांग्रेस के भीतर खूब खिंचतान चली हुई है। हाल ही में पांगी दौरे पर प्रतिभा सिंह इसकी झलक देख चुकी है। अब देखना होगा कि सोमवार को चंबा दौरे पर क्या गुल खिलता है।

गौरतलब है कि जिला चंबा की राजनीति का केंद्र कहे जाने वाले चंबा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के नाम हार की हैट्रिक बन चुकी है। ऐसे में कांग्रेस के लिए इस विधानसभा सीट पर इस बार जीत को अपने नाम करना नाम का सवाल बन चुका है तो वहीं चुराह, भरमौर व भटियात में भी अपनी वापसी करनी है।
इन तमाम परिस्थितियों के बीच सोमवार को प्रतिभा सिंह का चंबा दौरा क्या गुल खिलाता है इस पर तमाम राजनीतिक दलों के साथ-साथ यहां की प्रबुद्ध जनता की पैनी नजर रहेगी।
फिलहाल तो सब की जुबान पर यही सवाल बना हुआ है कि प्रतिभा सिंह का यह दौरा कांग्रेस को एकजुट करने में मददगार साबित होगा या फिर गुटबाजी की आग को हवा देने का काम करेगा।