अमृतसर से नाबालिग लड़की भगाई, चंबा के 1 होटल से बरामद पाई, आरोपी युवक डल्हौजी का रहने वाला
-
Chamba Ki Awaj
-
Update Time :
07:46:48 am, Wednesday, 16 November 2022
- 348
आरोपी युवक जिला चंबा के डल्हौजी का रहने वाला, अमृतसर पुलिस थाना में मामला दर्ज
चंबा, (विनोद): पंजाब के अमृतसर से नाबालिग लड़की भगाई जिसे चंबा पुलिस ने आरोपी युवक के साथ चंबा के 1 होटल से बरामद पाया। अमृतसर पुलिस के चंबा पहुंचने पर नाबालिग लड़की व आरोपी युवक को चंबा पुलिस ने सुपुर्द किया। चंबा पुलिस की इस कार्यशैली की पंजाब पुलिस ने जमकर तारिफ की। आरोपी युवक जिला चंबा के डल्हौजी क्षेत्र का रहने वाला है।
जानकारी के अनुसार जिला चंबा के डल्हौजी क्षेत्र का रहने वाला एक युवक अमृतसर में एक बाइक एजेंसी में काम करता था। उक्त युवक जहां किराये के मकान में रहता था उसके ठीक सामने एक परिवार भी किराये के मकान में रहता था। उक्त परिवार की करीब 16 वर्षीय लड़की को वह 10 नवंबर को अपने साथ भगा कर ले गया।

लड़की के परिवारजनों ने स्थानीय पुलिस थाना में 12 नवंबर को मामला दर्ज करवाया। पंजाब पुलिस ने जब इस मामले की जांच करते हुए मोबाइल लोकेशन का पता लगाया तो उनकी लोकेशन चंबा पाई गई। पंजाब पुलिस ने इस मामले को लेकर चंबा पुलिस के साथ मंगलवार की सुबह संपर्क करके मदद मांगी।

इस बारे में जैसे ही सदर पुलिस थाना चंबा को जानकारी मिली तो उसने अपने सूचना तंत्र का प्रयोग करते हुए महज एक घंटे में आरोपी लड़के के साथ नाबालिग लड़की को चंबा शहर में मौजूद एक होटल से बरामद कर लिया। बताया जाता है कि आरोपी ने नाबालिग लड़की के साथ शादी करके उसी होटल में शरण ली हुई थी जहां उन्हें पकड़ा गया।
आरोपी युवक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज होने की पूरी-पूरी संभावना है। लिहाजा पंजाब पुलिस मंगलवार की दोपहर को चंबा पहुंची तो चंबा पुलिस ने आरोपी लड़के सहित नाबालिग लड़की को पुलिस के हवाले किया। चंबा पुलिस की इस मामले में मुस्तैदी को देखत पंजाब पुलिस ने उसकी कार्यशैली की जमकर तारीफ की। आरोपी लड़के को अमृतसर पुलिस अपने साथ पंजाब ले गई।