पति के अत्याचारों से तंग 4 बच्चों की मां ने जहर खाया
-
Chamba Ki Awaj
-
Update Time :
06:59:13 pm, Thursday, 25 November 2021
- 530
फोरेंसिक जांच टीम ने घटना स्थल पर पहुंच कर जांच शुरू की
चंबा, (विनोद): पति के अत्याचारों से तंग आकर 4 बच्चों की मां ने जहर खाया। ससुर ने दामाद के खिलाफ पुलिस में शिकायक की। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। शुक्रवार को शव को मेडिकल कॉलेज चंबा में पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। मामले की तह तक जाने के लिए फोरेसिंक जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार चुराह उपमंडल की ग्राम पंचायत सलेलाबाड़ी में रहने वाली 27 वर्षीय बेगू उर्फ कांतो पत्नी कर्मचदं निवासी गांव बाड़ी ने बुधवार की रात को जहर खाया।

मृतक महिला के पति ने पुलिस को बताया कि बुधवार को खाना खाने के बाद जब उसकी पत्नी अपने कमरे में गई और वह खुद शौचालय गया था। वापिस जब कमरे में आया तो उसने देखा कि उसकी पत्नी उल्टी कर रही थी।
पास में ही जहरीली दवाई की शीशी पड़ी हुई थी। उसने जब अपनी पत्नी से पूछताछ की तो उसने कुछ नहीं बताया और इससे पहले की कोई कुछ कर पाता महिला ने दम तोड़ दिया।
मृतक के पिता तेजू ने पुलिस में अपने दामाद के खिलाफ शिकायत की है। उसने पुलिस को बताया कि उसकी बेटी की करीब 12 वर्ष पहले कर्म चंद के साथ शादी हुई थी और उसके चार बच्चे है। शादी के कुछ वर्षों के बाद उसका दामाद उसकी बेटी को मानसिक रूप से परेशान करने लगा।
पत्नि के चरित्र पर करता था शक
शिकायतकर्ता ने कहा कि उसका दामाद उसकी बेटी के चरित्र पर शक करता था और इस बात को लेकर वह उसे कुछ समय से बेहद परेशान कर रहा था। उसके द्वारा मानसिक रूप से परेशान किए जाने से तंग आकर उसकी बेटी आत्म हत्या करने के लिए मजबूर हुई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया
मृतक महिला के पिता की शिकायत पर पुलिस ने कर्म चंद के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 306 के तहत मामला दर्ज किया है। सूत्रों के अनुसार पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस को इस घटना के बारे में वीरवार की सुबह करीब 7 बजे सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस थाना प्रभारी तीसा बाबू राम की अगुवाई में पुलिस दल ने मौके पर पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया। घरवालों के ब्यान दर्ज किए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फोरेसिंक टीम को जांच के लिए बुलाया। फोरेंसिक टीम ने घटना स्थल पर पहुंच कर अपनी जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मौके से बरामद जहरीली दवाई की शीशी को अपने कब्जे में ले लिया है।
मामले की पुष्टि एसपी चंबा अरूल कुमार ने की है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की तह तक जाने में जुट गई है। आरोपी के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। उससे पूछताछ जारी है।